गैपरा गांव में सामने आई घटना

मुरैना जिले के जौरा थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम गैपरा में बीती रात असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। पंचायत भवन के सामने स्थापित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की एक उंगली को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

शनिवार की सुबह जब स्थानीय ग्रामीण पंचायत भवन के पास पहुंचे, तो उनकी नजर प्रतिमा पर पड़ी। प्रतिमा की उंगली टूटी हुई देखकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।

इस बीच, आजाद समाज पार्टी के कई कार्यकर्ता भी ग्राम गैपरा पहुंच गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत की और इस हरकत पर नाराजगी जताई।

प्रतिमा दुरुस्त करने पर बनी सहमति

कार्यकर्ताओं ने मांग रखी कि तोड़ी गई उंगली को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए।

पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं की मांग पर सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि प्रतिमा को जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।