अंबाह में किताब घर के पास हुई वारदात

मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र अंतर्गत किताब घर के पास बुधवार की रात लगभग सात बजे एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां एक कैफे की गतिविधियों को लेकर पुलिस को सूचना देने के शक में दबंगों ने बुजुर्ग नाई और उसके बेटे को निशाना बनाया।

दुकान पर पहुंचकर शुरू किया विवाद

भूमिया रोड वार्ड क्रमांक 17 के रहने वाले 70 वर्षीय श्रीनिवास श्रीवास ने पुलिस थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी किताब घर के पास हेयर कटिंग की दुकान है और वे बुधवार की रात अपनी दुकान पर ही मौजूद थे।

शिकायत के अनुसार, उसी दौरान नीतेश कुशवाह और कुलदीप कुशवाह नाम के दो युवक अचानक उनकी दुकान पर आ धमके। दोनों ने श्रीनिवास पर आरोप लगाया कि उन्होंने ही कैफे की गतिविधियों के बारे में पुलिस को खबर दी है और इसी बात को लेकर उन्होंने गाली-गलौज व विवाद शुरू कर दिया।

बेटे के बचाने आने पर उसके साथ भी मारपीट

विवाद बढ़ने के दौरान आरोपी नीतेश कुशवाह ने बुजुर्ग श्रीनिवास के सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया। पिता की चीख-पुकार सुनकर उनका बेटा बृजकिशोर बीच-बचाव करने के लिए तुरंत मौके पर दौड़ा।

बृजकिशोर को देखकर हमलावरों ने उसे भी नहीं छोड़ा और दोनों युवकों ने मिलकर उसके साथ भी डंडों से मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से निकल गए, जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई।