अंचल के मुरैना जिले में नेशनल हाईवे-44 पर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। यहां विक्टर स्कूल के नजदीक एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई।

बाल-बाल बचे गाड़ी में सवार लोग

हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत आगे आकर स्कॉर्पियो में फंसे लोगों की मदद की। गनीमत यह रही कि वाहन के पलटने के बावजूद उसमें सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। वाहन को जरूर भारी क्षति पहुंची है।

पीछे आ रहे वाहन चालकों ने की तत्परता

दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। तभी घटना के वक्त ठीक पीछे चल रहे दूसरे वाहन के सवारों ने मुस्तैदी दिखाई। उन्होंने तुरंत भाग रहे ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया और कुछ ही दूरी पर सैयद नहर के पास उसे रोक लिया।

पुलिस ने ट्रक किया जब्त

घटना की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से आरजे 11 जीबी 0320 नंबर के ट्रक को अपने कब्जे में लेते हुए जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार ही इस दुर्घटना का मुख्य कारण सामने आई है, और पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।