अंबाह इलाके में एक किसान को बदमाशों ने अपना शिकार बनाया है। खेती-किसानी के कार्यों के लिए बैंक से निकाले गए एक लाख बारह हजार रुपए अज्ञात चोरों ने उड़ लिए। पीड़ित किसान अपनी गाड़ी की डिग्गी में नकदी रखकर ग्रामीण क्षेत्र स्थित अपने घर की तरफ लौट रहा था।
सेंट्रल बैंक से निकाला था गोल्ड लोन
वित्त का पुरा गांव के रहने वाले सूरज सिंह तोमर ने खेती के लिए सेंट्रल बैंक से गोल्ड लोन लिया था। बैंक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने राशि को निकाला और अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में सुरक्षित रख लिया। इसके बाद वह अपने घर जाने के लिए निकले थे।
बैंक के बाहर से हो रही थी निगरानी
शिकायतकर्ता के अनुसार, बैंक परिसर के बाहर पहले से ही कुछ संदिग्ध लोग मौजूद थे। उनमें से एक युवक ने बैंक के भीतर से ही पैसे निकाले जाने की भनक अपने साथियों को दे दी थी। इसके बाद दो बाइकों पर सवार होकर बदमाश उनका पीछा करने लगे।
चलते वाहन के दौरान ही शातिर चोरों ने बड़ी चालाकी से मोटरसाइकिल की डिग्गी को खोलकर उसमें रखी नकदी पार कर दी। कुछ दूर आगे जाने पर जब किसान को घटना का अंदेशा हुआ और उन्होंने डिग्गी चेक की, तो रुपए गायब मिले।
भागने के दौरान हुई टक्कर
रकम चोरी होने का पता चलते ही पीड़ित ने गाड़ी रोककर शोर मचाया और बदमाशों का पीछा किया। इस बीच राहगीरों ने भी चोरों को रोकने का प्रयास किया, जिससे उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दूसरी गाड़ी से टकरा गई।
टक्कर लगने के बावजूद बदमाश सेंट्रल बैंक की ओर से मुरैना तिराहे की तरफ तेजी से फरार होने में कामयाब हो गए। स्थानीय पुलिस इस मामले की तफ्तीश में जुटी है और आरोपियों की पहचान तथा तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!