स्वतंत्रता दिवस के दिन स्कूल से गायब हुई थीं छात्राएं
मुरैना जिले के जौरा क्षेत्र में 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया था। यहां शासकीय विद्यालय घड़ी में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए चार नाबालिग छात्राएं अपने घरों से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वे वापस नहीं लौटीं।
बेटियों के काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों की चिंता गहरी हो गई। परिवार के लोगों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घबराए परिजनों ने तुरंत जौरा थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और बेटियों की गुमशुदगी दर्ज कराई।
सूरत रेलवे स्टेशन पर जीआरपीएफ को मिलीं सभी
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस हरकत में आई और छात्राओं की तलाश के लिए तेजी से प्रयास शुरू किए गए। पुलिस की खोजबीन और तकनीकी मदद के आधार पर पता चला कि ये सभी छात्राएं गुजरात पहुंच चुकी हैं। सूरत रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपीएफ ने इन चारों नाबालिग छात्राओं को अपनी हिरासत में ले लिया है।
जौरा थाना प्रभारी एसआई पंकज यादव ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि चारों छात्राएं सुरक्षित हैं। पुलिस की एक टीम उन्हें वापस लाने के लिए मुरैना से सूरत के लिए रवाना हो चुकी है।
आपस में रिश्तेदार हैं तीन छात्राएं
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि लापता हुई चारों छात्राओं में से तीन आपस में करीबी रिश्तेदार हैं। वहीं, चौथी छात्रा उनके ही पड़ोस में रहने वाली है। पुलिस अब सूरत पहुंचने के बाद छात्राओं से पूछताछ कर उनके वहां तक पहुंचने के कारणों का पता लगाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!