मुरैना जिले के रामपुरकलां थाना इलाके में अवैध शराब के कारोबार और पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थिति संदिग्ध बनी हुई है। क्षेत्र के सेमना और जोंसिल गांवों में एक ही रात के दौरान लगभग 37 पेटी अवैध शराब पकड़े जाने की बात सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जो स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
ठेकेदार के लोगों द्वारा शराब पकड़ने और मारपीट का वीडियो
सामने आए वीडियो में कथित तौर पर शराब ठेकेदार से जुड़े लोग अवैध शराब पकड़ते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान तस्करों के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। वायरल फुटेज में मौके पर शुरुआती दौर में पुलिसकर्मी नजर नहीं आ रहे हैं, और बाद में पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाए जाने की बात कही जा रही है।
जोंसिल गांव में ट्रैक्टर से मिली शराब और दो गिरफ्तारियां
पुलिस के अनुसार जोंसिल गांव में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। मौके से एक नीले रंग के स्वराज ट्रैक्टर को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 25 पेटी देशी शराब बरामद हुई। जब्त की गई शराब की मात्रा 225 बल्क लीटर और कुल कीमत करीब 1.25 लाख रुपए बताई गई है, जिसमें 1250 क्वार्टर शामिल हैं।
इस मामले में पुलिस ने छोटू यादव और पुष्पेंद्र शाक्य को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि लालू यादव को फरार बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं इसी कार्रवाई के दौरान एक स्प्लेंडर बाइक भी थाने लाई गई थी, जिसे बाद में छोड़ दिए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
सेमना गांव में खंडहर से मिली शराब पर अभी केस दर्ज नहीं
दूसरा मामला सेमना गांव का है, जहां एक खंडहरनुमा कमरे से करीब 7 पेटी शराब मिलने की बात सामने आई है। इसमें पांच पेटी बंद और दो पेटी खुली शराब शामिल है। बताया जा रहा है कि यह शराब राकेश कुशवाहा के यहां से मिली है, जो कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया।
रामपुरकलां थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा और एसडीओपी उमेश मिश्रा का कहना है कि सेमना मामले में आरोपी अभी पकड़ में नहीं आया है। आरोपी के मिलते ही नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!