अंबाह में सनसनीखेज वारदात

ग्वालियर-चंबल आंचल के मुरैना जिले के अंबाह इलाके में हाल ही में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान गंभीर खुलासे हुए हैं। खजुरी रोड स्थित आवास पर गत 5 अगस्त की रात सेना के जवान ने अपनी पत्नी को गोली का शिकार बना दिया था। आरोपी पति अहमदाबाद में पदस्थ है और छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था।

मां को किया गया अंतिम फोन कॉल

मां, वह आज बहुत गुस्से में हैं। सास-ससुर के उकसाने पर बाहर गए हैं। लौटकर फिर मारपीट करेंगे। मुझे डर लग रहा है।

यह शब्द रानी तोमर के थे, जो उसने अपनी माता उर्मिला देवी से बातचीत के दौरान कहे थे। मृतका की मां ने बताया कि घटना की रात करीब साढ़े आठ बजे बेटी का फोन आया था, जिसमें उसने घर में चल रहे विवाद और अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई थी। कुछ समय पश्चात ही पति सोहन उर्फ सोनू सिकरवार ने लाइसेंसी हथियार से उसके सिर में गोली उतार दी।

मायके पक्ष के गंभीर आरोप और गिरफ्तारियां

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पिता सुरेश सिंह तोमर ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2017 में रानी का विवाह सोहन सिकरवार के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही उसे लगातार पैसों के लिए प्रताड़ित किया जाता था। मृतका के पिता का यह भी दावा है कि मौके पर मौजूद ससुर नरोत्तम सिकरवार ने अपने बेटे को उकसाते हुए गोली चलाने के लिए कहा था।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की। मृतका के जेठ द्वारा घटना की सूचना देर रात दी गई थी, जिसके बाद अगले दिन पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी फौजी के माता-पिता यानी मुन्नी देवी और नरोत्तम सिकरवार को भी गिरफ्तार कर लिया है तथा वारदात में प्रयुक्त हथियार को जब्त कर लिया गया है।