मुरैना में धूमधाम से संपन्न हुआ स्वतंत्रता दिवस समारोह

मुरैना जिले में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरी भव्यता और उत्साह के साथ मनाया गया। स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड पर मुख्य जिला आयोजन संपन्न हुआ, जहां मध्य प्रदेश शासन के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।

कृषि मंत्री ने निर्धारित समयानुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराया और इसके बाद आयोजित भव्य परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान की धुनों के बीच पूरा प्रांगण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आया।

छात्रों के प्रदर्शन और मार्चपास्ट ने मोहा मन

ध्वजारोहण के उपरांत विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार और अनुशासित मार्चपास्ट निकालते हुए तिरंगे को सम्मान दिया। इसके साथ ही स्कूली बच्चों ने आकर्षक व्यायाम प्रदर्शन किया और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

समारोह के दौरान उमस भरी गर्मी का अहसास जरूर रहा, लेकिन इससे नागरिकों और कार्यक्रम में पहुंचे लोगों के जोश में कोई कमी नहीं आई। बड़ी संख्या में शहरवासी इस राष्ट्रीय पर्व का हिस्सा बनने पहुंचे थे।

बेहतर कार्य करने वाले हुए सम्मानित

इस अवसर पर जिलेभर में उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाएं देने वाले शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों को मंच से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने सभी को प्रशस्ति-पत्र वितरित किए।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना सहित तमाम प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ग्राउंड में हजारों की संख्या में पहुंचे आम नागरिकों ने राष्ट्र पर्व का आनंद लिया।