सबलगढ़ क्षेत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के सरकारी दफ्तरों, निजी व सरकारी शिक्षण संस्थानों में तिरंगा फहराया गया। इस दौरान स्कूलों में बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और अंत में सभी को मिष्ठान वितरित किया गया।

सांदीपनी सीएम राइज स्कूल में हुआ मुख्य आयोजन

क्षेत्र का मुख्य समारोह शनिवार को सुबह साढ़े नौ बजे सांदीपनी सीएम राइज स्कूल के प्रांगण में आरंभ हुआ, जो सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक चला। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता अतर सिंह रावत ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान गाया और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के संदेश का पठन किया गया।

इस भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और देश के वीर शहीदों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया गया। समारोह के दौरान नगर के तमाम स्कूलों के विद्यार्थी और जनपद पंचायत के तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पुरस्कार वितरण

समारोह के दौरान शासकीय कन्या शाला, सीएम राइज स्कूल, किडीज होम स्कूल और संदीपनी स्कूल के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की कला से प्रभावित होकर कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने उन्हें नकद पुरस्कार भी प्रदान किए।

बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले स्कूलों में संदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को 'भारतीय संस्कृति' पर आधारित प्रस्तुति के लिए पहला स्थान मिला। किडीज होम स्कूल को दूसरा और इसी स्कूल के अन्य कार्यक्रम को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा अशासकीय न्यू होरीजन स्कूल के दसवीं कक्षा के छात्र अंकित जादौन को सर्वाधिक अंक हासिल करने पर रनिंग शील्ड से नवाजा गया।

सुबह से शुरू हुए ध्वजारोहण और गणमान्य जनों की उपस्थिति

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सुबह आठ बजे से ही विभिन्न कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं में तिरंगा फहराने का सिलसिला शुरू हो गया था। संस्था प्रमुखों व कर्मचारियों की देखरेख में हुए इन कार्यक्रमों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, हालांकि तेज धूप और गर्मी के कारण कुछ देर के लिए बच्चों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

इस गरिमामयी समारोह में विधायक सरला रावत, जिला पंचायत सदस्य रामसनेही वासुदेव धाकड़, जनपद सदस्य सोनेराम रावत, राजेंद्र मरैया, तहसीलदार भदौरिया, सीईओ ललित चौधरी और बीईओ पीएल दंडोतिया समेत क्षेत्र के कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।