ग्वालियर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला वर्ष 2026-27 के लिए दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया इस बार ऑनलाइन रखी गई है। मेला प्राधिकरण के अनुसार दुकानदार और व्यापारी एमपी ऑनलाइन के जरिए दुकान के लिए आवेदन कर सकेंगे। साथ ही नो-ड्यूज और एनओसी से जुड़ी प्रक्रिया भी ऑनलाइन पूरी की जाएगी।

ग्वालियर व्यापार मेला इस बार 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। मेले में दुकान लेने के इच्छुक व्यापारियों को पिछले वर्ष की बकाया राशि का भुगतान करना जरूरी होगा।

बकाया भुगतान के बाद ही मिलेगा आवेदन का पात्रता लाभ

मेला सचिव सुनील त्रिपाठी के अनुसार वर्ष 2025-26 की बकाया राशि, कवर्ड एरिया शुल्क, अतिरिक्त विद्युत लोड का शुल्क और निर्धारित समय के बाद दुकान लगाने पर लगी पेनल्टी का भुगतान करने के बाद दुकानदार ऑनलाइन एनओसी प्राप्त कर सकेंगे।

इन सभी देनदारियों का भुगतान करने के बाद ही व्यापारी वर्ष 2026-27 के मेले में दुकान आवंटन के लिए पात्र होंगे।

कलारंग मंच हॉल में बनाया गया कियोस्क सेंटर

ऑनलाइन आवेदन में दुकानदारों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मेला परिसर स्थित कलारंग मंच हॉल में कियोस्क सेंटर स्थापित किया गया है। यहां से व्यापारी दुकान आवंटन के लिए ऑनलाइन आवेदन करने में सहायता ले सकेंगे।

मेला प्राधिकरण ने दुकानदारों से समय पर आवेदन करने और जरूरी शुल्क जमा करने की अपील की है, ताकि दुकान आवंटन की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।

ऑनलाइन समस्या के लिए यहां करें संपर्क

एमपी ऑनलाइन से संबंधित किसी तकनीकी समस्या या आवेदन प्रक्रिया में परेशानी होने पर व्यापारी एमपी ऑनलाइन प्रभारी आशीष सक्सेना से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर 7049923890 जारी किया गया है।