ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना इलाके में रहने वाली एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मृतका के पति और ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई थी मौत

काल्पी ब्रिज कॉलोनी में रहने वाली सुषमा बाथम ने बीती 22 जुलाई की रात लगभग नौ बजे जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत जेएएच अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चार दिनों तक चले इलाज के बाद 26 जुलाई को दोपहर करीब सवा तीन बजे उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया था।

सुसाइड नोट में छलका दर्द, लगाए गंभीर आरोप

मामले की जांच के दौरान पुलिस के हाथ मृतका का एक सुसाइड नोट लगा। इस नोट में सुषमा ने अपने पति अनिकेत बाथम और ससुर विजय बाथम पर मायके से बुलेट बाइक और दो लाख रुपये नकद लेकर आने का दबाव बनाने के आरोप लगाए। नोट में यह बात भी सामने आई कि इन मांगों को पूरा न कर पाने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

साल 2021 में हुई थी शादी

पुलिस की शुरुआती जांच में यह जानकारी मिली है कि सुषमा का विवाह 14 मई 2021 को अनिकेत बाथम के साथ संपन्न हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उसे ताने मारने लगे थे। पति पर शराब के नशे में मारपीट करने का भी आरोप है, जबकि ससुर कथित तौर पर यह कहकर जलील करते थे कि यदि बेटे की शादी अन्यत्र होती तो उन्हें और अधिक दहेज मिलता।

मुरार क्षेत्र के सीएसपी संदीप बांगरे ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने साक्ष्यों और जांच के आधार पर पति और ससुर के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।