ग्वालियर में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस पर शुक्रवार को शहर भर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। विभिन्न विभागों और संगठनों द्वारा कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया।

निकली तिरंगा बाइक रैली

हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को 13वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल द्वारा एक राज्य स्तरीय फ्लैग ऑफ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर में तिरंगा बाइक रैली निकाली गई, जिसने पूरे मार्ग में देशभक्ति का संदेश प्रसारित किया।

मानव शृंखला से दिया स्वच्छता का संदेश

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले नगर निगम की पहल पर एक विशेष आयोजन किया गया। निगम कर्मियों और शहरवासियों ने मिलकर एक विशाल मानव शृंखला बनाई और इसके माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर शहर के प्रमुख सरकारी भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था, जो रात के समय अलग ही छटा बिखेर रहे थे। सड़कों पर लहराते तिरंगे ने पूरे अंचल में उत्सव का माहौल बना दिया।