तीन साल तक चलता रहा शोषण

ग्वालियर जिले की बिजौली थाना पुलिस ने एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में दतिया मेडिकल कॉलेज के स्टेनोग्राफर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को रविवार रात दतिया से दबोचा और बिजौली थाने लेकर पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिजौली थाना क्षेत्र की रहने वाली 29 वर्षीय युवती की पहचान वर्ष 2023 में गंगापुर-बिलौआ निवासी परमार मिलन से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी हुई और फोन पर बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया।

पहाड़ी और होटलों में बनाए संबंध

जांच में सामने आया कि 27 मई 2023 को आरोपी परमार मिलन युवती को गांव के पास स्थित एक पहाड़ी पर ले गया था, जहां शादी का भरोसा देकर उसने पहली बार शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी उसे विभिन्न स्थानों और होटलों में ले जाकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।

इसी बीच आरोपी की नियुक्ति पहले देवास कोर्ट में हो गई और वह वहां चला गया। करीब तीन महीने पहले उसकी नौकरी दतिया मेडिकल कॉलेज में लग गई। नई जगह पर नौकरी मिलने के बावजूद वह युवती को शादी का झांसा देता रहा और उसका शोषण जारी रखा।

शादी की बात पर मुकरा और दी धमकी

जब 17 जुलाई को पीड़िता ने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया, तो वह हमेशा की तरह टालमटोल करने लगा। युवती द्वारा शादी की पक्की तारीख मांगने पर आरोपी अपने वादे से पूरी तरह मुकर गया और इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो वह उसे जान से खत्म कर देगा।

पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पिछले तीन दिनों से उसने दतिया में अपना ठिकाना बना रखा था।

पुलिस ने दतिया में दी दबिश

बेहट के एसडीओपी मनीष यादव ने बताया कि बिजौली थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। जैसे ही यह जानकारी मिली कि आरोपी दतिया में छिपा हुआ है, पुलिस बल ने वहां दबिश दी और उसे धर दबोचा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिवेश बघेल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए स्टेनोग्राफर से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी पता लगाया जा सके।