ग्वालियर अंचल में रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर डाक विभाग ने खास तैयारियां की हैं। बहनों द्वारा भाइयों को भेजी जाने वाली राखियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे डाकघरों में पहुंच चुके हैं। इन प्रिंटेड लिफाफों का वजन लगभग 9 ग्राम है और इनकी कीमत 10 रुपए तय की गई है।
स्पीड पोस्ट पर मिल रही विशेष छूट
डाक विभाग की ओर से इन विशेष लिफाफों यानी 'राखी मेल' के जरिए स्पीड पोस्ट भेजने वाली बहनों को किराए में 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। लश्कर सिटी के पोस्ट मास्टर राम कुमार गौड़ के अनुसार, यह विशेष सुविधा काउंटर से बुकिंग कराने वाले आम यानी रिटेल ग्राहकों के लिए ही मान्य है। हालांकि, कोई भी व्यक्ति एक बार में अधिकतम पांच आर्टिकल ही इस रियायत के साथ बुक करा सकेगा।
शहरभर में बनाए गए हैं बुकिंग केंद्र
ग्राहकों की सुविधा के लिए जिले में कुल 49 स्थानों पर स्पीड पोस्ट की बुकिंग की जा रही है। इनमें लश्कर और मुरार के प्रधान डाकघर के अलावा 47 उप डाकघर भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक यह व्यवस्था शुरू हो चुकी है और वर्तमान में रोजाना करीब 3,500 स्पीड पोस्ट बुक हो रहे हैं। कूरियर कंपनियों से मुकाबले के लिए डाक विभाग द्वारा यह कदम उठाया गया है।
ट्रैकिंग सिस्टम से मिलेगी सटीक जानकारी
मुरार प्रधान डाकघर के पोस्ट मास्टर बृजेश शर्मा ने स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल 'राखी मेल' लिखे लिफाफों पर ही लागू होगी और इसका लाभ कॉर्पोरेट या बल्क ग्राहकों को नहीं मिलेगा। कम दूरी की डाक को गंतव्य तक पहुंचने में 3 से 4 दिन और लंबी दूरी में 5 दिन तक का समय लगता है। ग्राहकों की संतुष्टि के लिए विभाग ने ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम भी तैयार किया है, जिससे घर बैठे डाक की स्थिति का पता लगाया जा सकता है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!