ग्वालियर जिले के मोहना थाना क्षेत्र की पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है जो भोले-भाले ग्रामीणों को ठगकर उनके नाम से फर्जी सिम कार्ड जारी करवाता था और उन्हें साइबर अपराधियों तक पहुंचाता था। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों लाखन धाकड़ और सोनू धाकड़ को दबोच लिया है। यह कार्रवाई 'ऑपरेशन एफएएसटी' के अंतर्गत की गई है।
फ्री रिचार्ज का झांसा देकर लेते थे दस्तावेज
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गांव-गांव जाकर महिलाओं को निशाना बनाते थे। वे सिम पोर्ट कराने और एक महीने का मुफ्त रिचार्ज देने का लालच देकर उनके मूल दस्तावेज और फिंगरप्रिंट ले लेते थे। इन महिलाओं को इस बात की भनक तक नहीं होती थी कि उनके नाम पर नई सिम एक्टिवेट की जा रही है।
मोहना थाना प्रभारी विनय तोमर ने बताया कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल यानी एनसीआरपी पर मिली शिकायतों की जब गहराई से पड़ताल की गई, तो चार ऐसे मोबाइल नंबर सामने आए जिनका उपयोग साइबर ठगी में किया जा रहा था। जब इन नंबरों के आवेदन फॉर्म की जांच की गई, तो पता चला कि ये एयरटेल सिम विक्रेता लाखन धाकड़ द्वारा जारी किए गए थे। ये सभी सिम नीलम गुर्जर, अनीता राजावत, रन्नो भदौरिया और रामवाई के नाम पर रजिस्टर्ड थीं।
महज दो सौ रुपए में बेच देते थे सिम
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी लाखन ने स्वीकार किया कि वह साल 2021-22 से सिम बेचने और पोर्ट करने के व्यवसाय में सक्रिय है। वह महिलाओं की जानकारी के बिना उनके नाम पर सिम कार्ड निकलवाता था और उन्हें संबंधित महिलाओं को सौंपने के बजाए सोनू धाकड़ को 200-200 रुपए में बेच देता था।
स्थानीय पुलिस अब इस बात का भी पता लगाने में जुटी है कि इन दोनों आरोपियों के जरिए अब तक कुल कितनी फर्जी सिम बेची जा चुकी हैं और इन नंबरों का इस्तेमाल देश के किन-किन हिस्सों में साइबर अपराध को अंजाम देने के लिए किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का बयान
फर्जी दस्तावेजों और धोखे से सिम कार्ड एक्टिवेट कर साइबर अपराधियों को बेचने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है तथा यह भी खंगाला जा रहा है कि इन नंबरों के जरिए कहां-कहां वित्तीय धोखाधड़ी की गई है। - रोबिन जैन, सीएसपी






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!