ग्वालियर-भिंड मार्ग पर एयरफोर्स गेट के सामने बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने आगे चल रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार एक महिला का दाहिना हाथ कंधे से कटकर अलग हो गया, जबकि उनकी आठ साल की बेटी और अन्य यात्री भी घायल हो गए।

मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे सभी लोग

जानकारी के अनुसार, हजीरा के रानीपुरा इलाके की रहने वाली 31 वर्षीय बालवती कुशवाह अपनी 8 साल की बेटी वैष्णवी, पड़ोसन सपना तोमर और सुभाष ओझा के साथ ऑटो में सवार थीं। ये सभी लोग महाराजपुरा स्थित गिरगांव महादेव मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे।

जब उनका ऑटो महाराजपुरा में एयरफोर्स गेट के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस (क्रमांक MP07 P-0776) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए ऑटो को साइड से टक्कर मार दी। बस ऑटो को रगड़ते हुए आगे निकल गई।

भीषण टक्कर में महिला का हाथ अलग, बच्ची को भी आई चोट

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में साइड में बैठी बालवती कुशवाह का दाहिना हाथ कंधे से कटकर अलग हो गया। वहीं, उनकी गोद में बैठी उनकी बेटी वैष्णवी के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई, जिससे उसका काफी खून बहने लगा। साथ ही ऑटो में बैठे अन्य दो पड़ोसियों को भी मामूली खरोंचें और चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मानवता दिखाई। महिला के शरीर से अत्यधिक खून बहता देख राहगीरों ने सूझबूझ से कपड़े का इस्तेमाल कर कटे हुए हिस्से के पास कसकर बांधा, ताकि खून का बहाव रोका जा सके।

निजी अस्पताल में भर्ती, आरोपी चालक की तलाश शुरू

राहगीरों की मदद से घायल महिला और उनकी बेटी को तुरंत उसी ऑटो से एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल अस्पताल में घायल महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद बस चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया।

महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर फरार बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।