गुना जिले के आरोन कस्बे में विकास कार्यों के दौरान हटाई गई प्रचार सामग्री को लेकर स्थानीय स्तर पर विवाद खड़ा हो गया। शहर में ठेकेदार द्वारा नाला निर्माण और गटर खुदाई का काम कराया जा रहा है।

खुदाई के दौरान हटी प्रचार सामग्री

कस्बे में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान मशीन की चपेट में आने से विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा लगाए गए पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री हट गई। इस बात से संगठन के कार्यकर्ता खासे नाराज हो गए और उन्होंने तुरंत मौके पर अपना विरोध दर्ज कराया।

दास हनुमान चौराहे पर किया गया चक्काजाम

नगर परिषद कार्यालय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। वे शहर के प्रमुख दास हनुमान मंदिर चौराहे पर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले इस प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय थाने से पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।

पुलिस की समझाइश के बाद खुला रास्ता

चक्काजाम की सूचना मिलते ही आरोन थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों की समझाइश के बाद कार्यकर्ताओं ने जाम समाप्त कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा भेदभावपूर्ण कार्रवाई की जा रही है और प्रचार सामग्री हटाकर संगठन का अनादर किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बोर्ड को सम्मान के साथ दोबारा नहीं लगाया गया और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।