गुना जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरी भव्यता और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। स्थानीय परेड ग्राउंड पर आयोजित मुख्य समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हितिका वासल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

वंदे मातरम गान के साथ हुई मुख्य समारोह की शुरुआत

परेड ग्राउंड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे हुई। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम 'वंदे मातरम के 150 वर्ष' और 'विकसित भारत 2047' निर्धारित की गई थी। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन के साथ किया गया, जो इस बार का एक मुख्य आकर्षण रहा। इसके बाद कलेक्टर ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण के उपरांत आरआई पूजा उपाध्याय के नेतृत्व में भव्य मार्च पास्ट निकाला गया। इसमें जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल, होमगार्ड और रेड क्रॉस सहित विभिन्न टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि ने परेड कमांडरों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ लाइव प्रसारण और जिला संबोधन

इस बार के समारोह के प्रारूप में बदलाव किया गया था, जिसके तहत भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण एलईडी के माध्यम से दिखाया गया। इसके पश्चात कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता पर्व की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में कलेक्टर ने कहा कि गुना जिला प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है और गुलाब तथा धनिए की खुशबू इसकी विशेष पहचान है। उन्होंने बताया कि गुना को एक उभरते औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है और यहां के गुलाबों को राष्ट्रीय स्तर पर स्कॉच अवॉर्ड से सम्मानित भी किया जा चुका है। जिले में पॉलीहाउस का दायरा 50 एकड़ से बढ़ाकर 500 एकड़ तक ले जाने की योजना है।

कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी फहराया गया तिरंगा

मुख्य समारोह से पहले सुबह 8 बजे संयुक्त कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने ध्वजारोहण किया और सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को पर्व की बधाई दी। इसी प्रकार पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी गरिमामय आयोजन हुआ, जहां एसपी हितिका वासल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया। इस दौरान एसपी हितिका वासल ने अमर शहीदों को नमन किया और पुलिसकर्मियों को देश की एकता, अखंडता तथा आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प दिलाया।