गुना शहर के सिटी कोतवाली थाना इलाके के अंतर्गत आने वाली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव कमरे में साड़ी से बने फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के शवगृह भिजवाया।

शिवपुरी की रहने वाली थी मृतका

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 23 वर्षीय यास्मीन खान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से शिवपुरी जिले के कोलारस की रहने वाली थी। उसकी शादी वर्ष 2023 में हुई थी और वह अपने पति के साथ गुना के विद्यार्थी नगर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में निवास कर रही थी। दंपत्ति का एक छोटा बेटा भी है, और मृतका का पति निजी स्तर पर कामकाज करता है।

मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप

घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोग यास्मीन को लगातार पैसों के लिए प्रताड़ित करते थे। मृतका की ननद की शादी तय थी, जिसके चलते मायके से नकदी लाने की मांग की जा रही थी और मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।

परिजनों ने बताया कि शनिवार को यास्मीन से फोन पर बातचीत हुई थी, तब उसने अपने साथ हुई मारपीट की बात साझा की थी। इसके बाद रविवार को दोपहर के समय जब उसे कई बार फोन लगाया गया, तो उसने कॉल रिसीव नहीं किया। शक होने पर जब पति को फोन मिलाया गया, तो उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और टालमटोल करता रहा।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

रविवार की शाम करीब छह बजे परिजनों को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे तुरंत गुना पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने इस मामले को छिपाने का प्रयास किया और प्रताड़ना से तंग आकर ही उनकी बेटी ने यह कदम उठाया। सोमवार सुबह जिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।