राघौगढ़ में महादेव संगठन के कार्यकर्ता पर हमला
गुना जिले के राघौगढ़ थाना क्षेत्र में एक समाजसेवी और महादेव संगठन से जुड़े कार्यकर्ता पर हमले की वारदात सामने आई है। जिलाबदर रहे एक बदमाश और उसके साथी ने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
कार से घर लौटते वक्त मुख्य बाजार में घेरा
यह पूरी घटना बुधवार देर रात करीब 11 बजे की है। वार्ड क्रमांक 1 मेर मोहल्ला राघौगढ़ निवासी बसंत कुमार सोनी (30) पुत्र संतोष कुमार सोनी ठेकेदारी का काम करने के साथ-साथ महादेव संगठन के धार्मिक कार्यों से जुड़े हैं। बुधवार की रात वह अपने साथी राहुल पटवा और विवेक शर्मा के साथ कार में सवार होकर घर जा रहे थे। जब वे मुख्य बाजार स्थित शीतला माता मंदिर के पास पहुंचे, तो पीछे से बाइक पर आ रहे दामोदर उर्फ दामू प्रजापति और शिवम प्रजापति ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने बसंत से कहा कि तू महादेव संगठन में बहुत काम करता है और इसी रंजिश को लेकर गालियां देने लगे। जब बसंत ने गाली-गलौज करने से मना किया, तो दोनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान दामोदर ने किसी नुकीली चीज से बसंत के हाथ पर वार कर दिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर कट लग गया। बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी
यह पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार लोग कार का पीछा करते हुए आते हैं और गाड़ी रुकवाकर विवाद शुरू कर देते हैं। देखते ही देखते आरोपियों ने युवक पर हमला कर दिया, जिससे वहां लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी।
गुरुवार शाम को पीड़ित ने राघौगढ़ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दामोदर प्रजापति और शिवम प्रजापति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। खास बात यह है कि मुख्य आरोपी दामोदर प्रजापति पहले भी जिलाबदर रह चुका है और उसका नाम राघौगढ़ थाने की गुंडा सूची में भी दर्ज है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!