पानी की बोतल में यूरिन मिलाने की शर्मनाक करतूत

गुना जिले के आरोन इलाके के घटावदा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया था। यहां कक्षा 5वीं में पढ़ने वाली दो 10 वर्षीय मासूम छात्राओं के साथ विद्यालय परिसर में अमानवीय हरकत की गई। स्कूल में रंगोली बनाने के दौरान कुछ शरारती छात्रों ने इन बच्चियों की पानी की बोतलों में यूरिन मिला दिया था, जिसे नासमझ छात्राओं ने पी लिया।

शिकायत पर प्रिंसिपल का असंवेदनशील रवैया

जब पीड़ित छात्राएं रोते हुए शिकायत लेकर स्कूल की प्राचार्या के पास पहुंचीं, तो उन्होंने संवेदनहीनता की सभी हदें पार कर दीं। प्राचार्या ने छात्राओं की समस्या सुनने और उचित कार्रवाई करने के बजाय उल्टा यह कह दिया कि मुंह खराब हो गया हो तो 10-10 रुपए वाली चॉकलेट खा लो। संस्था प्रमुख के इस गैर-जिम्मेदाराना और लापरवाह बर्ताव से ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।

परिजनों का हंगामा और प्रशासनिक एक्शन

घटना की जानकारी मिलने पर मंगलवार की सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल पर ताला जड़ दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते तनाव को देखते हुए आरोन एसडीएम मंजूषा खत्री ने तुरंत तहसीलदार और बीईओ को मौके पर भेजा। अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचकर पीड़ित छात्राओं, परिजनों और अन्य पक्षों के बयान दर्ज किए।

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशों के अनुपालन में, जिला शिक्षा अधिकारी समर सिंह राठौर ने कड़ा कदम उठाया है। मामले की जांच के लिए बीईओ की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने दो अतिथि शिक्षकों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं, जबकि स्कूल के प्रिंसिपल और एक अन्य शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।