गुना जिले के मृगवास इलाके में 'झगड़ा प्रथा' को लेकर उपजा विवाद तूल पकड़ गया है। आरोप है कि तय रकम न मिलने पर राजस्थान से आए दो लोगों ने खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया और विरोध करने पर परिजनों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा पारिवारिक मामला

मृगवास क्षेत्र के कागल्या पुरा गांव निवासी वीरम भील ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसके काका गोपाल भील की पुत्री संगीता बाई का विवाह करीब 6 साल पहले राजस्थान के चारखेड़ा गांव निवासी रघुवीर भील के साथ हुआ था। संगीता लगभग छह महीने तक अपनी ससुराल में रही, जिसके बाद रघुवीर ने दूसरी शादी कर ली और उसे वापस भेज दिया। इसके पश्चात, करीब तीन महीने पूर्व गोपाल भील ने अपनी बेटी संगीता का दूसरा विवाह राजस्थान के ही तेलनी गांव में कर दिया।

खेत पर पहुंचकर की गई पैसों की मांग

शिकायतकर्ता वीरम के अनुसार, हाल ही में वह रात के समय अपने चाचा के बेटे राजू भील के साथ खेत पर फसलों की रखवाली और जंगली जानवरों को भगाने गया था। इसी दौरान राजस्थान के चारखेड़ा निवासी रघुवीर भील और उसका जीजा रामस्वरूप भील वहां पहुंच गए। दोनों ने वीरम से सवाल किया कि उसके काका गोपाल द्वारा 'झगड़ा' क्यों नहीं दिलाया जा रहा है। आरोपियों ने तुरंत रकम देने की मांग की और भुगतान न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

हंसिये से फसल काटकर दिया नुकसान

वीरम ने जब आरोपियों की इस मांग का विरोध किया, तो उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। बात बढ़ने पर दोनों आरोपी अपने साथ लाए हंसिये की मदद से खेत में खड़ी करीब एक बीघा फसल को काटकर बर्बाद करने लगे। पीड़ित के मुताबिक, इस नुकसान से उसे करीब तीस हजार रुपए की आर्थिक क्षति हुई है। इसी बीच, शोर सुनकर वीरम के काका और अन्य ग्रामीण मौके पर आ गए, जिन्हें देखकर दोनों आरोपी वहां से भाग निकले।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित वीरम भील की शिकायत के आधार पर आरोपी रघुवीर भील और रामस्वरूप भील के विरुद्ध मारपीट, धमकी देने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।