गुना के कैंट थाना क्षेत्र में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है, जहां पुलिस की जगह पीड़ित परिवार ने खुद ही अपनी अकलमंदी से आरोपी तक पहुंचने का रास्ता ढूंढ निकाला। कुछ दिन पहले एक महिला का महंगा एंड्राइड मोबाइल चोरी हो गया था।

सिम न बदलना चोर को पड़ा भारी

चोरी की इस वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर चोर ने फोन से पर्सनल तस्वीरें डिलीट कर दी थीं और कई संपर्क नंबर भी ब्लॉक कर दिए थे। हालांकि, वह फोन के अंदर पड़ी सिम को बदलना भूल गया, जिससे पीड़ित परिवार को उसे ढूंढने का एक अहम सुराग मिल गया।

परिवार ने आरोपी तक पहुंचने के लिए एक खास योजना बनाई। मोबाइल मालिक की बहन ने सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी के पास फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। अनजान व्यक्ति समझकर चोर ने तुरंत वह रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली।

चैटिंग से हाथ लगी ठिकाने की जानकारी

फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार होने के बाद दोनों के बीच ऑनलाइन चैट का सिलसिला शुरू हो गया। बातचीत के दौरान महिला ने बड़ी चालाकी से आरोपी से उसके मूवमेंट और आने-जाने की जानकारी उगलवा ली।

चैटिंग से यह बात साफ हो गई कि आरोपी इंदौर से चलकर बदरवास तहसील के अपने गांव गिन्दौरा लौटने वाला है। इसके बाद पीड़ित परिवार ने उसे पकड़ने की पूरी रणनीति तैयार कर ली।

रेलवे स्टेशन पर दबोचा गया आरोपी

योजना के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे आरोपी जैसे ही गुना रेलवे स्टेशन पर उतरा, वहां पहले से मौजूद महिला और उसके परिजनों ने उसे घेर लिया। महिला ने उसके हाथ में अपना वही चोरी हुआ फोन देखा और तुरंत उसका कॉलर दबोच लिया।

अचानक हुई इस कार्रवाई से स्टेशन पर हड़कंप मच गया और यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

रक्षाबंधन का पर्व होने के कारण महिला ने शुरुआत में नरमी बरतते हुए उसे छोड़ने की बात भी कही। वहीं, इस मामले की जानकारी मिलने के बाद अब पुलिस अपने स्तर पर कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच में जुट गई है।