गुना शहर के कोतवाली थाना इलाके के अंतर्गत आने वाली साईं सिटी कॉलोनी में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां ख्यावदा पंचायत में पंचायत सचिव के रूप में पदस्थ 58 वर्षीय मुकुट भार्गव ने अपने ही घर में फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली।

मंगलवार शाम से बंद आ रहा था मोबाइल

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त मुकुट भार्गव अपने घर पर बिल्कुल अकेले थे। मंगलवार शाम करीब पांच बजे से उनका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा था, जिससे उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार के लोग सुध लेने के लिए उनके घर पहुंचे।

जब परिजन शाम करीब सात बजे उनके निवास पर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजा भीतर से बंद मिला। काफी आवाज देने पर भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं आया, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई पुलिस

सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बलपूर्वक घर का दरवाजा तोड़ा और भीतर प्रवेश किया। अंदर मुकुट भार्गव का शव कपड़ों से बनाए गए फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने तुरंत फंदा काटकर शव को नीचे उतारा।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

बुधवार की सुबह जिला अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव उनके शोक संतप्त परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।

प्रारंभिक चर्चाओं के अनुसार, घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आ रही है, जिसमें कुछ लोगों के नाम दर्ज होने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और उसमें लिखे गए नामों की सत्यता की जांच की जा रही है।