हाल ही में माता सीता और महिलाओं को लेकर दिए गए अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आए गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने इस मामले में स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा है कि उनके भाषण के अंशों को संदर्भ से हटाकर गलत तरीके से प्रसारित किया गया है।
बलराम महोत्सव के दौरान दिया था भाषण
यह पूरा घटनाक्रम मंगलवार को गुना की नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में संपन्न हुए बलराम महोत्सव का है। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भोपाल से किसानों को संबोधित किया था। इसके पश्चात गुना विधायक पन्नालाल शाक्य और चांचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची ने भी सभा को अपने विचार रखे।
संबोधन के दौरान विधायक शाक्य ने रामायण और महाभारतकालीन संदर्भों का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा कि रावण को समझाया गया था कि पराई स्त्री को रखना विपत्ति को बुलावा देना है। इसके साथ ही उन्होंने युद्धों में पुरुषों के हताहत होने और महिलाओं के सुरक्षित रहने की बात कही थी, जिस पर मंच पर ही असहज स्थिति बन गई थी।
मंच पर ही चांचौड़ा विधायक ने जताई थी असहमति
भाषण के दौरान ही चांचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची ने हस्तक्षेप करते हुए उनके तर्कों पर आपत्ति दर्ज कराई थी। उन्होंने मंच से ही स्पष्ट किया था कि महिलाओं ने भी देश और समाज के लिए बड़े बलिदान दिए हैं, इसलिए ऐसी टिप्पणियां उचित नहीं हैं। दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच मंच पर हुई यह नोकझोक स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई।
मामला तूल पकड़ने के बाद मंगलवार देर शाम विधायक पन्नालाल शाक्य ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य मातृशक्ति को अपमानित करना नहीं था, बल्कि उनका तात्पर्य यह था कि जिन लोगों ने महिलाओं का अनादर किया, उनका विनाश निश्चित हुआ।
महिला कांग्रेस ने खोला मोर्चा, इस्तीफे की मांग
विधायक के इस वक्तव्य के विरोध में महिला कांग्रेस आक्रामक हो गई है। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा यादव ने विधायक पर माता सीता और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा और स्वतंत्रता में महिलाओं का अतुलनीय योगदान रहा है।
महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि विधायक ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी और अपने पद से त्यागपत्र नहीं दिया, तो गुना सहित पूरे मध्यप्रदेश में व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे और पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक रैली निकाली जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!