बलराम महोत्सव में मंचासीन विधायकों में तकरार

गुना शहर की नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में राज्य स्तरीय बलराम महोत्सव का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और किसानों को संबोधित किया। मंच पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में उस समय असहज स्थिति बन गई जब गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपने संबोधन में ऐसा बयान दे दिया जिस पर साथी विधायक ने ही आपत्ति जता दी।

ऐतिहासिक युद्धों का जिक्र कर कही ये बात

संबोधन के दौरान विधायक पन्नालाल शाक्य ने रामायण, महाभारत और अन्य ऐतिहासिक युद्धों का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि इन सभी युद्धों में केवल पुरुष ही मारे गए और एक भी महिला की जान नहीं गई। शाक्य ने रावण और राम के युद्ध के साथ-साथ महाभारत में एक करोड़ पुरुषों के मारे जाने का जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने पृथ्वीराज चौहान और संयोगिता के प्रसंग का भी उल्लेख किया और कहा कि इन घटनाओं में भी जान गंवाने वाले पुरुष ही थे।

भाई साहब आप गलत बोल रहे हैं। नहीं भाईसाहब, ऐसा नहीं है। ये तो गलत बात है। महिलाओं ने भी बलिदान दिए हैं। मैं भी महिला हूं। - प्रियंका पेंची, विधायक चांचौड़ा

महिला विधायक ने मंच से किया खंडन

पन्नालाल शाक्य के इन तर्कों को सुनते ही मंच पर बैठीं चांचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची ने बिना देर किए उन्हें बीच में ही रोक दिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि उनका यह कथन पूरी तरह गलत है और वे महिलाओं के महान बलिदानों को अनदेखा कर रहे हैं। हालांकि इसके बाद भी शाक्य अपनी बात पर अडिग रहे और उन्होंने दावा किया कि उन्होंने काफी अध्ययन किया है, और अपनी बात कहने के बाद उन्होंने प्रियंका पेंची को बैठने के लिए कह दिया।

प्राकृतिक खेती पर भी हुई चर्चा

विवादित बयानों के इतर, पन्नालाल शाक्य ने किसानों के बीच प्राकृतिक खेती अपनाने की जोरदार वकालत की। उन्होंने चेताया कि रासायनिक खादों के अत्यधिक प्रयोग से कृषि भूमि की उर्वरा शक्ति लगातार नष्ट हो रही है। उन्होंने अन्न उपजाने वाली इस धरती के प्रति सम्मान का भाव रखने और भूमि को बंजर होने से बचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, लेकिन मंच की यह गर्मागरम बहस पूरे आयोजन के दौरान चर्चा का मुख्य केंद्र बनी रही।