गुना शहर के शुभ विदाई गार्डन में गुरुवार को वीबी-जी राम जी योजना के तहत पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलेभर से आए सरपंचों और पंचों ने हिस्सा लिया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों एवं योजनाओं को लागू करने में आ रही व्यावहारिक परेशानियों से प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया।
सरपंच ने की कलेक्टर की कार्यशैली की सराहना
सम्मेलन के दौरान दावतपुरा ग्राम पंचायत के सरपंच नरेंद्र सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के प्रशासनिक कामकाज की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा अधिकारी नहीं देखा और वे गुना के अब तक के सबसे बेहतरीन कलेक्टर साबित हो रहे हैं।
कलेक्टर साहब को देखकर ऐसा लगता है कि वे अपनी शासकीय सेवा पूरी होने के बाद आगे चलकर राजनीति में भी आ सकते हैं।
सरपंच ने उम्मीद जताई कि कलेक्टर के नेतृत्व में जिले में ऐसे सकारात्मक कार्य हो रहे हैं जिन्हें ग्रामीण लंबे समय तक याद रखेंगे। उन्होंने गुना में गुलाब की खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
मजदूरी और पैसों को लेकर रखी गईं जमीनी दिक्कतें
चर्चा के दौरान योजना के तहत रोजगार के दिन 100 से बढ़ाकर 125 करने का मुद्दा भी उठा। सरपंच नरेंद्र सिंह ने बताया कि पंचायतों के सामने सबसे बड़ी चुनौती मजदूरों की उपलब्धता की है। सरकारी योजना में मजदूरी 300 रुपए प्रतिदिन तय है, जबकि शहरों के पास की पंचायतों में मजदूर 500 रुपए से कम पर काम करने को राजी नहीं होते हैं।
उन्होंने इस समस्या को उच्च स्तर तक पहुंचाकर योजना के नियमों में व्यावहारिक बदलाव करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने गुलाब की खेती को गुना के लिए एक बड़ा कारोबारी अवसर बताया और कहा कि इससे किसानों की आय में इजाफा होगा।
कार्यक्रम में दिग्गजों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने अपने निजी बंदूक के लाइसेंस के नवीनीकरण का जिक्र करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में बात रखी। इस सम्मेलन में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के साथ सांसद प्रतिनिधि हरिसिंह यादव, अशोक शर्मा, बमोरी जनपद अध्यक्ष गायत्री भील और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!