गुणा जिले के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम किशनगढ़ में दबंगों की प्रताड़ना और किसानों को आर्थिक रूप से तोड़ने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित परिवार ने रविवार को पुलिस अधिकारियों के समक्ष पेश होकर न्याय और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।

फसल उजाड़ने का लगाया गंभीर आरोप

शिकायत दर्ज कराने पहुंचे जितेन्द्र लोधा, सुनीताबाई, सीमाबाई और विध्याबाई ने बताया कि उनका विवाद गांव के ही महाराजसिंह लोधा, केदार लोधा और रामस्वरूप लोधा से चल रहा है। इसी आपसी रंजिश के कारण आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उनके लगभग पांच बीघा खेत में खड़ी मिर्च, करेला और खीरे की फसल को निशाना बनाया।

पीड़ितों के मुताबिक, जब जितेन्द्र रात के समय अपनी सब्जी बेचने के लिए नानाखेड़ी मंडी गए हुए थे, तब आरोपियों ने खेत की तारफेंसिंग को हटा दिया। इसके बाद उन्होंने करीब 40 से 50 मवेशियों को खेत के भीतर छोड़ दिया, जिससे उनकी लगभग चार लाख रुपये की तैयार फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।

महिलाओं से अभद्रता और जान से मारने की धमकी

परिवार की महिलाओं ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने खेत में मवेशी घुसने का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह लोग पहले भी उनके परिवार के एक सदस्य के साथ मारपीट जैसी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

आरोपी अब लगातार झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से खत्म करने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।

पुलिस प्रशासन का पक्ष

घटना से आहत होकर पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में कैंट थाना प्रभारी टीआई अनूप भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित परिवार की तरफ से लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।