ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के गुना जिले की चांचौड़ा तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम तेलीगांव से एक बड़ा जालसाजी का मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक स्थानीय युवक ने बैंक दलाल के साथ मिलकर दो सीधे-साधे भाई-बहन को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के दो-दो हजार रुपये दिलाने का प्रलोभन दिया और उनके नाम पर धोखाधड़ी करते हुए भारी-भरकम राशि का किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन स्वीकृत करा लिया।

सम्मान निधि का लालچ देकर फंसाया

पीड़ित बुजुर्ग गंगाराम अहिरवार और उनकी बहन भमरी बाई ने इस मामले की शिकायत पुलिस को दी है। उन्होंने बताया कि आरोपी दशरथ सिंह अहिरवार ने उन्हें किसान सम्मान निधि की किस्त दिलवाने का झांसा दिया था। इसी बहाने आरोपी ने बैंक से जुड़े कई दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान ले लिए और बाद में पूरी लोन राशि अपने कब्जे में ले ली।

दस्तावेजों पर दस्तखत कराते का वीडियो आया सामने

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, जब वे किसी काम से बैंक पहुँचे तब उन्हें अपने नाम पर लाखों रुपये का कर्ज चलने की भनक लगी, जिसे सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इस पूरी धोखाधड़ी से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पीड़ित व्यक्ति से कागजातों पर दस्तखत करवाते और उन्हें बरगलाते हुए नजर आ रहा है।

आरआरबी बैंक बीनागंज से पास हुआ ऋण

छानबीन में सामने आया है कि क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) की बीनागंज शाखा के माध्यम से पीड़ितों की जमीनों पर दो किस्तों में लोन उठाया गया है। पहली बार में 1.32 लाख रुपये और दूसरी बार में 3.53 लाख रुपये का केसीसी लोन पास किया गया, कुल मिलाकर 4.85 लाख रुपये की राशि निकाली गई है।

इससे पहले पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय में भी आवेदन दिया था। अब उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो और उन्हें इस फर्जी कर्ज के बोझ से पूरी तरह मुक्त कराया जाए।