दतिया जिले के इंदरगढ़ नगर परिषद परिसर में शुक्रवार दोपहर मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत एक विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और स्थानीय निवासियों तथा जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित किया।

नागरिकों ने रखीं बुनियादी सुविधाओं की मांगें

संवाद के दौरान क्षेत्र के लोगों ने मंत्री के सामने बुनियादी सुविधाओं के आभाव से जुड़ी कई शिकायतें रखीं। स्थानीय नागरिकों ने प्रमुख रूप से सड़क, बिजली और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को उठाया। इसके अलावा नगर में साफ-सफाई की स्थिति और जलभराव तथा गंदगी से हो रही परेशानियों का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया।

बैठक के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर अन्य स्थानीय मांगें भी सामने आईं। रहवासियों ने नगर में नई सब्जी मंडी के निर्माण की आवश्यकता जताई, जिससे व्यापारियों और आम जनता को सहूलियत मिल सके।

अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश

लोगों की समस्याएं सुनने के बाद कैबिनेट मंत्री ने मौके पर मौजूद तमाम संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता की शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सरकार जनता के हर विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, और जनहित के कार्यों में देरी स्वीकार नहीं होगी।

इस जनसुनवाई और संवाद कार्यक्रम के दौरान सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल, दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े, पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल सहित जिला प्रशासन और नगर परिषद के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।