ग्वालियर-चंबल अंचल के दतिया जिले के बड़ौनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना प्रकाश में आई है। यहां एक 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ रिश्ते में मामा लगने वाले युवक पर ही दुष्कर्म करने का आरोप लगा है।

दस दिन पहले नाना के घर आई थी पीड़िता

पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से ग्वालियर जिले की रहने वाली है। उसके परिवार के अनुसार, करीब 10 से 15 दिन पूर्व उसके पिता उसे और उसकी मां को बड़ौनी थाना क्षेत्र स्थित उसके ननिहाल में छोड़कर गए थे।

धान के खेत से लौटते वक्त दबोचा

घटना 12 अगस्त की सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच की है। उस समय नाबालिग बच्ची अपनी मां के साथ धान के खेत में गई हुई थी। तेज धूप होने के कारण वह अकेले ही घर की तरफ वापस लौट रही थी। जब वह अपनी मां से दो-तीन खेत की दूरी पर थी, तभी वहां घात लगाए बैठा आरोपी सामने आ गया।

आरोप है कि रिश्ते के मामा ने पीछे से आकर अचानक बच्ची का मुंह भींच लिया और उसे जबरन गन्ने के खेत के अंदर खींचकर ले गया। वहां उसने मासूम के साथ ज्यादती की और विरोध करने या शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद भी आरोपी ने मुंह खोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

पिता के आने पर खुला राज, थाने में मामला दर्ज

आरोपी की लगातार धमकियों के कारण सहमी हुई बच्ची ने डरवश शुरुआत में यह बात किसी को नहीं बताई। इसके बाद 15 अगस्त को जब उसके पिता उसे वापस ले जाने के लिए ननिहाल पहुंचे, तब उसने हिम्मत जुटाकर उन्हें पूरी आपबीती सुनाई।

अपनी बेटी की बात सुनकर सन्न रह गए माता-पिता उसे लेकर 17 अगस्त को थाने पहुंचे। इस संबंध में बड़ौनी थाना के टीआई रमेश शाक्य ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।