दतिया विधानसभा उपचुनाव की सरगर्मी के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अवधेश नायक अब राजनीतिक केंद्र बन गए हैं। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं द्वारा उन्हें मनाने के प्रयास तेज हो गए हैं, जबकि भाजपा भी उन्हें अपने पाले में लाने की जुगत में है। इससे दतिया की राजनीति में हलचल मची हुई है।
दिग्विजय सिंह ने मांगी सार्वजनिक रूप से माफी
सोमवार को कांग्रेस की एक सभा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंच से ही स्वीकार किया कि 2023 में अवधेश नायक का टिकट कटवाने में उनकी भूमिका थी। उन्होंने अवधेश नायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा, "मैंने ही आपका टिकट नहीं होने दिया था, इसके लिए मैं आपसे माफी मांगता हूं।"
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी अवधेश नायक के घर जाकर उनसे मिले थे और साथ में भोजन भी किया था। राजनीतिक विश्लेषक इसे कांग्रेस द्वारा चुनाव से पहले किसी भी अंदरूनी नाराजगी को दूर करने का एक खुला प्रयास मान रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशी ने भी की मुलाकात, बढ़ी अटकलें
वहीं, सोमवार शाम को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी अवधेश नायक के निवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नायक की संभावित राजनीतिक भूमिका को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
भाजपा की यह कोशिश इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि अवधेश नायक का राजनीतिक सफर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भाजपा से ही शुरू हुआ था।
नायक बोले- भाजपा में जाने का अभी कोई विचार नहीं
इन राजनीतिक मुलाकातों और चर्चाओं के बीच, अवधेश नायक ने दैनिक भास्कर से फोन पर बातचीत में वायरल तस्वीरों की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि दोनों नेता उनसे मिलने आए थे और चुनाव के समय उनका आना स्वाभाविक है।
जब उनसे भाजपा में शामिल होने की संभावना के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "अभी ऐसा कोई विचार नहीं बनाया है। मैं अपने कार्यकर्ताओं से लगातार चर्चा कर रहा हूं और उनकी राय ले रहा हूं।"






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!