सोनागिर थाने में दर्ज मामले को लेकर एसपी दफ्तर पहुंचे पीड़ित

दतिया जिले के सोनागिर थाने के अंतर्गत दर्ज अपराध क्रमांक 15/2026 में न्याय पाने की आस लगाए बैठे शिकायतकर्ता संजय यादव ने पुलिस अधीक्षक को एक नया आवेदन सौंपा है। इस आवेदन के माध्यम से उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की पुरजोर मांग उठाई है।

संजय यादव का गंभीर आरोप है कि दबंग आरोपियों ने उनके निवास पर पहुंचकर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग की थी और घर के अंदर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। इस पूरी घटना के पुख्ता सुबूत भी मौजूद होने का दावा किया जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज और बयानों के बाद भी धाराएं न जोड़े जाने का आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक, यह पूरी वारदात मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ-साफ कैद हुई है। इसके अलावा गवाहों और पीड़ितों के बयानों में भी स्पष्ट रूप से फायरिंग की बात कही गई है। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस द्वारा एफआईआर में फायरिंग और हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा 109 को अब तक नहीं जोड़ा गया है।

संजय का कहना है कि आरोपी पक्ष लगातार उन पर समझौते का दबाव बना रहा है। कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले बुलंद बने हुए हैं।

ग्वालियर हाईकोर्ट के आदेश का हवाला

मामले में पारदर्शिता और न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पीड़ित ने ग्वालियर हाईकोर्ट की खंडपीठ की शरण ली थी। हाईकोर्ट में एमसीआरसी 31071/2026 दायर की गई थी, जिस पर सुनवाई करते हुए 15 जुलाई 2026 को अदालत ने दतिया एसपी को निर्देश दिए थे कि वे आवेदन में उठाए गए तमाम बिंदुओं पर स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच करें।

माननीय न्यायालय ने आदेशित किया था कि कानून सम्मत तरीके से जल्द से जल्द मामले की जांच पूरी की जाए। इसके लिए प्रमाणित आदेश प्राप्ति की तिथि से अधिकतम तीन महीने की समयासीमा तय की गई थी ताकि पीड़ित को समय पर न्याय मिल सके।

पुलिस प्रशासन की ओर से मिला कार्रवाई का भरोसा

उच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों की अवधि गुजरने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार में निराशा और आक्रोश का माहौल है। इसी के चलते उन्होंने एक बार फिर पुलिस के उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है।

इस पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए एएसपी मंजीत सिंह चावला ने बताया कि शिकायतकर्ता की तरफ से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस इस मामले में तथ्यों की गहनता से पड़ताल कर रही है और नियमों के मुताबिक आगे की उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।