दतिया में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा लगाने के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय छात्र राज कुशवाह की जान चली गई थी। वह लिटिल स्टार पब्लिक स्कूल में 11वीं कक्षा का विद्यार्थी था और स्कूल की छत पर ध्वजारोहण की तैयारी में जुटा हुआ था।
घटना के तीन दिन बाद भी जस की तस बनी हुई है लाइन
इस दुर्घटना के बाद जब मीडिया टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया, तो गंभीर लापरवाही सामने आई। हादसे के तीन दिन बीत जाने के बावजूद स्कूल की छत के करीब से गुजरने वाली 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन को न तो हटाया गया और न ही उसकी स्थिति में कोई बदलाव किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र के पिता गोविंद कुशवाह ने पुलिस में जो शिकायत दर्ज कराई है, उसके मुताबिक राज 14 अगस्त की सुबह स्कूल गया था और दोपहर में घर लौटा था। इसके बाद स्कूल से दोबारा बुलावा आने पर वह करीब डेढ़ बजे वापस विद्यालय चला गया था, जहां यह हादसा हुआ।
परिजनों की शिकायत पर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज
राज के चचेरे भाई अशोक कुशवाह को फोन के जरिए हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे जहां छात्र मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने परिजनों के बयानों और प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर स्कूल संचालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत कानूनी कार्रवाई की है।
यह गंभीर समस्या केवल एक शिक्षण संस्थान तक सीमित नहीं है। लिटिल स्टार स्कूल के ठीक पास संचालित होने वाले कृष कॉन्वेंट स्कूल के बाहर से भी इसी प्रकार हाईटेंशन विद्युत लाइनें गुजर रही हैं, जिससे वहां आने-जाने वाले अन्य बच्चों की सुरक्षा पर भी बड़ा संकट बना हुआ है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!