दतिया जिले के सेवढ़ा सिविल न्यायालय भवन में अज्ञात बदमाशों ने बीती रात धावा बोल दिया। चोरों ने न्यायालय के मुख्य द्वार के साथ-साथ नजारत, प्रतिलिपि और मालखाना अनुभाग के कमरों के ताले भी तोड़ दिए। यह घटना 24 और 25 अगस्त की दरम्यानी रात की है।
सुबह सफाई कर्मचारी ने देखा टूटा हुआ ताला
मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे सफाई कर्मचारी विनोद रात्रिकालीन चौकीदार सुरेंद्र यादव के यहां से चाबी लेकर न्यायालय पहुंचा था। उसने मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखा और तुरंत भृत्य मिंटे परिहार को इसकी सूचना दी।
इसके बाद सुबह करीब 7 बजे न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शिवम सोनी ने न्यायालय के प्रभारी अधिकारी एवं द्वितीय जिला न्यायाधीश पूरन सिंह को फोन पर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के महज आधे घंटे के भीतर अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मालखाने में चोरी गए सामान का अब तक नहीं हुआ खुलासा
अधिकारियों द्वारा परिसर का मुआयना करने पर मुख्य द्वार के अलावा नजारत कक्ष, प्रतिलिपि अनुभाग और मालखाना अनुभाग के तीन ताले टूटे मिले। हालांकि, मालखाने की पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि चोर वहां से क्या और कितना सामान चुरा ले गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए), 331(4) और शासकीय संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के अंतर्गत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
फिंगरप्रिंट और सीसीटीवी फुटेज के सहारे तलाश
घटना की सूचना पाकर सेवढ़ा थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस ने न्यायालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिए हैं ताकि चोरों की आवाजाही का पता लगाया जा सके।
एएसपी मंजीत सिंह चावला ने जानकारी दी कि मामले की जांच के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीमों को भी बुलाया गया था। टीमों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं और पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!