दतिया जिले के भांडेर इलाके में मौसम के मिजाज बदलने और लगातार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मंगलवार को हुई बारिश के बाद पहूज नदी पर बना रपटा पुल एक बार फिर पूरी तरह से पानी में डूब गया है। पुल के ऊपर से पानी का तेज बहाव होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से भांडेर और मोंठ के बीच आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है।
हसारी डैम ओवरफ्लो होने से बढ़ा जलस्तर
स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में स्थित हसारी डैम के ओवरफ्लो होने की वजह से पहूज नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। जलस्तर में इस वृद्धि के चलते नदी पर बने रपटे पर पानी तेजी से बहने लगा। स्थिति को भांपते हुए स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुल के दोनों सिरों पर बैरिकेडिंग कर दी है और लोगों को हिदायत दी है कि वे जलस्तर कम होने तक इस रास्ते का इस्तेमाल न करें।
मौसम विभाग का अगले दो-तीन दिन बारिश का अनुमान
इधर, मौसम विभाग ने आगामी दो से तीन दिनों तक जिले में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम के इस रुख को देखते हुए नदी-नालों और जलमग्न रपटों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी जोखिम से बचने के लिए पानी में डूबे रास्तों या पुलों को पार करने का प्रयास न करें।
अब तक दर्ज हुई मानसूनी बारिश का आंकड़ा
जिले में मानसूनी गतिविधियों की बात करें तो इस सीजन में अब तक औसत रूप से 370.10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। जबकि जिले का सामान्य औसत 870.80 मिलीमीटर है, जिसके मुकाबले अब तक लगभग 42.7 प्रतिशत ही बारिश रिकॉर्ड हो पाई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!