दतिया शहर के ज्योति कॉम्प्लेक्स में स्थित एक मोबाइल दुकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात हुई इस चोरी की घटना का मामला पुलिस तक पहुंच गया है, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं। इस वारदात से स्थानीय दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है।
सब्बल से ताला तोड़कर घुसा अंदर
सामने आए सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाला चोर मुंह पर तौलिया बांधकर नकाबपोश हालत में आया था। उसके हाथ में एक सब्बल था, जिसकी मदद से उसने दुकान के शटर का ताला तोड़ा और आसानी से अंदर दाखिल हो गया। दुकान के भीतर रखे तमाम बड़ी कंपनियों के स्मार्टफोन उसने एक बोरी में भरे और अपनी पीठ पर लादकर वहां से चंपत हो गया।
सुबह दुकान पहुंचे तो चोरी का पता चला
दुकान के मालिक विनय टिलवानी ने इस मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 12 और 13 अगस्त की दरमियानी रात करीब 2:00 बजे से 2:40 बजे के बीच यह घटना घटी। जब वे गुरुवार सुबह करीब 11 बजे दुकान पर पहुंचे, तो उन्होंने शटर का ताला टूटा हुआ देखा और अंदर रखे सारे मोबाइल गायब मिले।
सीसीटीवी में कैद हुई चोर की हरकतें
घटनास्थल के पास लगे कैमरों में चोर की पूरी हरकत कैद हुई है। फुटेज में रात करीब 2:04 बजे संदिग्ध युवक दुकान के पास आता दिखता है और करीब 2:32 बजे वह मोबाइलों से भरी बोरी पीठ पर लादकर भागता नजर आता है। पीड़ित दुकानदार द्वारा चोरी हुए मोबाइलों के मॉडल, कंपनीवार संख्या और उनकी कुल कीमत की सूची पुलिस को अलग से सौंपी जाएगी।
कोतवाली थाने के टीआई दिनेश राजपूत ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिल चुके हैं। फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!