लांच थाने में चल रहा था रंगाई-पुताई का कार्य

दतिया जिले के लांच थाने के परिसर में शनिवार को मेंटेनेंस और रंग-रोगन का काम चल रहा था। इसी दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जब थाने की इमारत की दूसरी मंजिल पर काम कर रहा मजदूर अचानक नीचे आ गिरा। इस घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पूर्व सरपंच रमेश सुबह करीब 11 बजे गोलू केवट नामक 26 वर्षीय मजदूर को थाने की बिल्डिंग की साफ-सफाई और पुताई के लिए लाए थे। गोलू जब दूसरी मंजिल पर पुताई का काम कर रहा था, उसी वक्त उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे आ गिरा। जमीन पर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।

निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया घायल

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी साकिर खान तुरंत हरकत में आए और घायल मजदूर को अपनी निजी गाड़ी से इलाज के लिए इंदरगढ़ अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे तत्काल ग्वालियर रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार दीपक यादव भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर पर गहरी चोट लगने के कारण घायल मजदूर अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है और उसका इलाज जारी है।