ग्वालियर-चंबल अंचल के दतिया जिले में पुरानी रंजिश और जमीन के विवाद को लेकर मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां के सिनावल थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले डंगरकुआं गांव में गुरुवार दोपहर को एक युवक को रास्ते में घेरकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

खेत से चारा लेकर लौट रहा था पीड़ित

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित गोविंद सिंह बघेल (38) अपनी मां प्रभा देवी के साथ दोपहर के समय खेत पर चारा काटने गया था। जब वह चारा लेकर वापस अपने घर की ओर लौट रहा था, तभी गांव के रास्ते में कुछ लोगों ने उसे अचानक रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

लाठी-डंडों और रॉड से किया हमला

घायल के भाई खुशीराम ने बताया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से रास्ते में रोककर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से गोविंद पर हमला बोल दिया। इस मारपीट में गोविंद सिंह के दोनों हाथों और एक पैर की हड्डियों में फ्रैक्चर हो गया है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल गोविंद को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

12 बीघा जमीन का पुराना विवाद

इस खूनी संघर्ष के पीछे डंगरकुआं स्थित बड़ौनी के नर्सिंग मंदिर की लगभग 12 बीघा जमीन का पुराना विवाद सामने आया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पहले वे इस जमीन पर खेती करते थे, लेकिन बाद में पंकज यादव ने उस पर कब्जा जमा लिया। इसी भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चला आ रहा था।

मामले को लेकर सिनावल थाना प्रभारी निशा मावई ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन के कब्जे और पुरानी रंजिश की बात उजागर हुई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।