दतिया के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) में छात्रों की समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर मंगलवार को एनएसयूआई के बैनर तले विरोध प्रदर्शन किया गया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाते हुए प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपा।

पेयजल और साफ-सफाई का गंभीर संकट

कॉलेज अध्यक्ष शिशुपाल बघेल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य रूप से परिसर में पेयजल और स्वच्छता की बदतर स्थिति का मुद्दा उठाया गया। छात्रों का कहना था कि कॉलेज परिसर में पीने के पानी का उचित इंतजाम नहीं है और वाटर कूलर खराब पड़े हैं। इसके अलावा वॉशरूम और पूरे कैंपस में नियमित सफाई न होने के कारण विद्यार्थियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

अतिरिक्त फीस वसूली और लाइब्रेरी की समस्याएं

छात्रों ने ज्ञापन के माध्यम से विभिन्न प्रशासनिक कार्यों के नाम पर छात्रों से की जा रही अतिरिक्त फीस वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही कॉलेज की लाइब्रेरी में पढ़ाई के लिए पर्याप्त पाठ्यक्रम पुस्तकें उपलब्ध कराने और सभी विषयों की कक्षाएं टाइम टेबल के मुताबिक नियमित रूप से संचालित करने की बात कही गई।

प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग

अपनी मांगों को आगे बढ़ाते हुए छात्र नेताओं ने प्रदेश में प्रत्यक्ष प्रणाली के आधार पर दोबारा छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग भी रखी। एनएसयूआई नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि कॉलेज प्रशासन ने जल्द ही इन सभी समस्याओं का संतोषजनक निराकरण नहीं किया, तो छात्रहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।