नगर परिषद कार्यालय पर कांग्रेस का प्रदर्शन

दतिया जिले के इंदरगढ़ कस्बे में स्थानीय नागरिकों को पेश आ रही बुनियादी समस्याओं को लेकर कांग्रेस मुखर हो गई है। गुरुवार की दोपहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान हाथों में तख्तियां थामे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सफाई व्यवस्था और जलभराव का मुद्दा

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नगर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है, जिससे लोगों का जीना मुहाल है। कांग्रेस नेताओं ने सीएमओ विजय बहादुर को ज्ञापन सौंपते हुए शहर में तुरंत सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़कों व नालियों से कचरा हटवाने की पुरजोर मांग की। इसके अलावा, बारिश के दिनों में उत्पन्न होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की बात भी कही गई, ताकि रहवासियों के घरों और दुकानों में पानी न घुसे।

अतिक्रमण हटाने की मांग और चेतावनी

ज्ञापन के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों से अवैध अतिक्रमण को फौरन हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग भी उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि आगामी सात दिनों के भीतर इन तमाम समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं निकाला गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामकिंकर गुर्जर, मंडल अध्यक्ष संजय सिंह राणा, बीके जाटव, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष व पार्षद अनार सिंह यादव और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष कोक सिंह पटेल समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।