सिविल लाइन स्थित आवास पर हुई घटना

ग्वालियर-चंबल अंचल के दतिया शहर में न्यायपालिका से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) सतीश वसुनिया के सिविल लाइन स्थित शासकीय बंगले के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति ने पहुंचकर हंगामा किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। यह घटना 23 जुलाई की सुबह करीब नौ बजे की है, जिससे स्थानीय प्रशासनिक हलकों में सनसनी फैल गई।

कर्मचारी से बोला- चार को मार चुका हूं, साहब को बाहर भेजो

शिकायत के मुताबिक, घटना के समय एक व्यक्ति सीजेएम के बंगले पर पहुंचा और वहां मौजूद न्यायालय के कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। आरोपी ने कर्मचारी को धमकाते हुए कहा कि वह पहले भी चार लोगों को मौत के घाट उतार चुका है। उसने सीजेएम साहब को तुरंत बाहर निकालने के लिए कहा ताकि उन्हें भी निशाना बनाया जा सके।

कर्मचारी से इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिलने के बाद सीजेएम सतीश वसुनिया तुरंत अपने आवास से बाहर आए, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था। चश्मदीदों के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच थी और उसने घटना के वक्त सफेद रंग की टी-शर्ट के साथ काला लोअर पहन रखा था।

पुलिस अधीक्षक को दी गई थी शिकायत

न्यायाधीश के न्यायालय में रोजाना कई गंभीर मामलों के आरोपी पेश होते हैं, जिसके चलते इस प्रकार की धमकी को बेहद गंभीरता से लिया गया। घटना के अगले दिन यानी 24 जुलाई को सीजेएम की ओर से पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी।

यह शिकायत प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 अगस्त को कोतवाली थाने में पहुंची, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल प्रभाव से भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

मामला दर्ज होने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है और आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सिविल लाइन क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध व्यक्ति की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।