शादी का झांसा देकर किया था शारीरिक शोषण

यह पूरा मामला डबरा अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले पिछोर थाना क्षेत्र का है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, ग्राम छोटी अकबई निवासी एक युवती के पिता ने 7 अगस्त को थाने पहुंचकर गंभीर धाराओं में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि आरोपी नितिन चौहान ने उनकी बेटी को विवाह का प्रलोभन देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया।

शिकायत मिलते ही हरकत में आई पिछोर थाना पुलिस ने तत्काल प्रभाव से आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य सुसंगत धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया था। मामला दर्ज होते ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए अपने ठिकाने बदलकर फरार हो गया था।

साइबर और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग

घटना के बाद से ही पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। थाना पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ आधुनिक साइबर तकनीक का भी भरपूर उपयोग किया। तकनीकी विश्लेषण के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला, जिससे पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा के पास छिपा हुआ है।

नेपाल बॉर्डर पर फल बेचकर काट रहा था फरारी

सटीक लोकेशन मिलने के बाद पिछोर थाने से एक विशेष पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर जिले से सटे नेपाल बॉर्डर क्षेत्र के लिए रवाना हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी नितिन चौहान को धर दबोचा। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस से बचने के लिए आरोपी नेपाल सीमा के पास फल का ठेला लगाकर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।

पिछोर थाना प्रभारी शिवम राजावत ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी को नेपाल बॉर्डर से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।