सहारन के पास हुआ सड़क हादसा
ग्वालियर जिले के भितरवार-हरसी मार्ग पर सहारन के निकट दोपहर करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर के कारण दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और घायलों की मदद के लिए आगे आए।
बामोर लौट रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के बामोर निवासी 25 वर्षीय रोहन पुत्र भरत सिंह गुर्जर और 16 वर्षीय युवराज पुत्र बंटी गुर्जर किसी आवश्यक कार्य से भितरवार आए थे और वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो जिसका नंबर MP 07 CE 1058 है, के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।
यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। उधर, दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे खंती में जा धंसी, जिसे मौके पर छोड़कर चालक फरार होने में कामयाब रहा।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार और पुलिस कार्रवाई
घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। बाइक चला रहे रोहन को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है, जबकि युवराज को इस हादसे में अपेक्षाकृत मामूली चोटें आई हैं।
भितरवार थाना प्रभारी सुधीर कुशवाहा ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है और दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया गया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!