भिंड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पिता से नाराज होकर घर से निकली आठ साल की मासूम बच्ची अंततः अपनी मां के पास जा पहुंची। परिजनों द्वारा बच्ची के अचानक गायब होने की सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसकी तलाश शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
मेहगांव एसडीओपी संजय कोछा के अनुसार, भारद्वाज कॉलोनी निवासी वैभव सक्सेना की बेटी रविवार को अचानक बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। परिवारवालों की शिकायत पर पुलिस ने फौरन एक्शन लिया और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। जांच के दौरान एक चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि बच्ची को एक वाहन में बैठकर सरकारी अस्पताल की तरफ जाते हुए देखा गया था, जिससे पुलिस को एक ठोस सुराग मिल गया।
दो साल पहले लापता हुई थी मां
पुलिस की पड़ताल में यह बात सामने आई कि बच्ची की मां डिंपल भी साल 2024 में घर छोड़कर चली गई थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज थी। पुलिस ने दोनों मामलों की कड़ियों को आपस में जोड़ा और महिला के वर्तमान ठिकाने का पता लगाया। जब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो उनकी बेटी वहीं सुरक्षित मिल गई।
बाल कल्याण समिति के सुपुर्द की गई मां-बेटी
पुलिस पूछताछ में बच्ची ने बताया कि वह अपने पिता से नाराज थी, जिसके कारण वह अपनी मां के पास चली गई थी और अब वह अपनी मां के साथ ही रहना चाहती है। वहीं, महिला डिंपल ने पुलिस को बताया कि पति के साथ अनबन होने की वजह से वह वर्ष 2024 में घर छोड़कर चली गई थी और फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही है।
पुलिस ने मां और बेटी दोनों को सुरक्षित थाने लाकर औपचारिकताएं पूरी कीं और पूरे मामले को बाल कल्याण समिति (CWC) के सुपुर्द कर दिया। अब समिति बच्ची के भविष्य, उसकी सुरक्षा और पारिवारिक परिस्थितियों का आकलन कर आगे का कानूनी निर्णय लेगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!