भिंड शहर में जिला अस्पताल के आसपास संचालित होने वाली मेडिकल दुकानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अचानक दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान दुकानों पर स्टॉक और रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल की गई।

इन मेडिकल स्टोर्स की हुई जांच

औषधि निरीक्षक डॉ. आकांक्षा गरुड़ ने औचक निरीक्षण के तहत जय मेडिकल एंड सर्जिकल्स, प्रकाश मेडिकल स्टोर, सूरज श्री मेडिकल स्टोर, विराग मेडिकोस, जय गुरुदेव मेडिकल स्टोर और अशोक मेडिकल स्टोर का जायजा लिया।

जांच दल ने इन सभी संस्थानों से दवाओं के नमूने जब्त किए हैं। इन सभी सैंपलों को परीक्षण के लिए भोपाल स्थित औषधि प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है।

लाइसेंस, फार्मासिस्ट और तापमान की पड़ताल

निरीक्षण के समय दुकानों पर लाइसेंस प्रदर्शित होने की स्थिति, फार्मासिस्ट की मौजूदगी, परिसर की साफ-सफाई, एक्सपायरी दवाओं के सुरक्षित निस्तारण और स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई। इसके अलावा फ्रिज में रखी जाने वाली दवाओं के लिए जरूरी तापमान व रखरखाव के इंतजामों को भी परखा गया।

संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे बिना डॉक्टर के पर्चे के शेड्यूल कैटेगरी की दवाइयां बिल्कुल न बेचें तथा खरीद-बिक्री का पूरा हिसाब-किताब दुरुस्त रखें।

तीन दिन का अल्टीमेटम और नोटिस

दुकान संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खरीदी और बिक्री से जुड़े सभी दस्तावेज तीन दिन के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें।

औषधि निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि रिकॉर्ड उपलब्ध न कराने या नियमों के विपरीत कार्य पाए जाने पर संबंधित स्टोर संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।