भिंड जिले के रौन नगर परिषद क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न समस्याओं और अव्यवस्थाओं के खिलाफ मंगलवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ा प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।

छह महीने से खुदी पड़ी हैं वार्डों की सड़कें

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बताया कि क्षेत्र में नल-जल योजना के तहत महीनों पहले कई वार्डों में सड़कें खोदी गई थीं। लगभग छह महीने बीत जाने के बाद भी इन सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही कई वार्डों में नालियों की सफाई न होने से गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

अधूरे विकास कार्यों और योजनाओं में लापरवाही का आरोप

कांग्रेस नेता राहुल सिंह भदौरिया ने कहा कि जर्जर सड़कों और बुनियादी सुविधाओं के आभाव में आम जनता त्रस्त है। उन्होंने सभी अधूरे पड़े विकास कार्यों को तुरंत पूरा करवाने की मांग की। वहीं नेता अनिरुद्ध प्रताप सिंह राजावत ने आरोप लगाया कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से यह भी आरोप लगाया गया कि सीसी रोड, नाला, पुलिया, सामुदायिक भवन और सार्वजनिक शौचालय निर्माण के कई कार्य अब तक अधूरे हैं। कांग्रेस ने इन सभी निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय गुणवत्ता जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इसके अलावा नागरिकों को समय पर पेंशन, खाद्यान्न पर्ची, संबल कार्ड और जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र जैसी जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंह, सतेंद्र सिंह, राजू, ब्रजेंद्र सिंह, नरेश राठौर, संजीव करैया, सुंदर सिंह, हरिओम सिंह सहित कई पार्षद और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।