प्रेमिका से जन्मी बच्ची को अपना बताने की जिद
भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के सुरपुरा गांव के रहने वाले गोलू पुरवंशी का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले वह युवती के साथ घर से कहीं चला गया था। जब युवती वापस लौटी, तो उसके परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था।
जेल से छूटने के बाद शुरू हुआ विवाद
जेल से रिहा होने के बाद गोलू को जानकारी मिली कि उसकी प्रेमिका ने एक बच्ची को जन्म दिया है। इसके बाद उसने दावा किया कि वह बच्ची उसकी संतान है और वह उसे अपने साथ रखना चाहता है। युवक ने इस संबंध में युवती के परिजनों से भी संपर्क किया और बच्ची को उसे सौंपने की मांग की, जिस पर वे तैयार नहीं हुए।
चंबल पुल की जाली से लटका युवक
रविवार शाम करीब छह बजे गोलू उत्तर प्रदेश के खैरा राठौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जैतपुर के पास पहुंचा। उसने एक बार फिर बच्ची के परिजनों से बात की और मांग पूरी न होने पर वह चंबल नदी के पुल पर जा पहुंचा। वहां वह पुल की जाली से लटक गया और नीचे छलांग लगाने की धमकी देने लगा।
मप्र और यूपी पुलिस की मुस्तैदी से टला हादसा
घटना की सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश की अटेर थाना पुलिस और उत्तर प्रदेश की खैरा राठौर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने युवक से करीब एक घंटे तक बातचीत की और उसे समझाया कि वह कानूनी रास्ते से अपनी बात रखे। पुलिस की समझाइश के बाद युवक शांत हुआ और पुल की जाली से हटकर सुरक्षित नीचे आ गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!