आलमपुर में आयोजित हुआ जन विश्वास शिविर
भिंड जिले के आलमपुर स्थित सरकारी कॉलेज परिसर में शुक्रवार को 'मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर' का आयोजन किया गया। दोपहर के समय शुरू हुए इस कार्यक्रम में भिंड कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, जिला पंचायत सीईओ वीर सिंह चौहान और एसडीएम महेंद्र सिंह सौजन्या समेत कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत से पहले कलेक्टर ने कॉलेज परिसर में अशोक का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस शिविर में क्षेत्र के लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन पर्ची, बिजली, शिक्षा और चिकित्सा से जुड़ी कुल 100 से अधिक शिकायतें व आवेदन दर्ज कराए।
बिजली और पीएम आवास को लेकर सख्त निर्देश
शिविर के दौरान सेवढ़ा से आलमपुर आने वाली 33 केवी बिजली लाइन में बार-बार आने वाली तकनीकी खराबी का मुद्दा उठाया गया। इस पर कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए भिंड के बिजली कंपनी के एसई को फोन लगाया और लाइन को स्थाई रूप से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं, नगर परिषद आलमपुर के अधिकारियों को पीएम आवास योजना की शिकायतों का गंभीरता से समाधान करने के लिए कहा गया।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फर्जी तरीके से आवास स्वीकृत किए जाने की शिकायतों को बेहद गंभीरता से लिया गया। कलेक्टर ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी लहार एसडीएम को सौंप दी है।
सड़क की मांग को लेकर गाड़ी के आगे बैठे ग्रामीण
आलमपुर के समीप स्थित ररुआ गांव के रहवासी पक्की सड़क की मांग को लेकर कलेक्टर के वाहन के सामने बैठ गए। ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि कच्चा रास्ता होने के कारण उन्हें आवागमन में भारी परेशानी होती है और लगभग 15 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ता है। कलेक्टर ने ग्रामीणों की बात सुनकर जल्द ही मामले की जांच कराकर सड़क निर्माण का आश्वासन दिया।
शिविर में पहुंचे तीन दिव्यांगजनों ने सहायता की गुहार लगाई, जिस पर जनपद सीईओ को तत्काल प्रभाव से उन्हें ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देशदिए गए।
अवैध मेडिकल स्टोरों पर होगी कार्रवाई और स्कूल का निरीक्षण
क्षेत्र में बिना फार्मासिस्ट के संचालित हो रहे मेडिकल स्टोरों की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टर को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसी दुकानों की सघन जांच की जाए और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
शिविर के समापन के पश्चात कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने दबोह क्षेत्र के गोरा गांव स्थित शासकीय स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के बच्चों के पास बैठकर उनके साथ भोजन भी किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!