स्कूल से लौट रहे बच्चों को बनाया निशाना

भिंड जिले के मैहगांव थाना अंतर्गत एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां नौ वर्षीय चौथी कक्षा की छात्रा के साथ एक परिचित युवक ने अपनी हवस का शिकार बनाया। यह पूरी वारदात मंगलवार दोपहर करीब एक बजे की है, जब पीड़िता अपने ग्यारह साल के भाई के साथ स्कूल से घर वापस लौट रही थी।

रास्ते में आरोपी ने दोनों बच्चों को घर तक छोड़ने का भरोसा दिलाया और अपने साथ ले गया। बच्चों को पहले गांव के बाहर खेतों की तरफ ले जाया गया, लेकिन वहां चरवाहों की मौजूदगी देखकर आरोपी ने अपना रास्ता बदल लिया और उन्हें स्कूल के पीछे सुनसान झाड़ियों में ले जाकर इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया।

बहन को बचाने आए भाई से की मारपीट

जब आरोपी बच्ची के साथ दरिंदगी कर रहा था, तब उसके भाई ने अपनी बहन को बचाने का प्रयास किया और इसका विरोध भी किया। आरोपी ने मासूम भाई को बेरहमी से पीटा और घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बच्चों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

इस अमानवीय कृत्य के कारण नौ साल की मासूम बच्ची मौके पर ही बेहोश होकर गिर गई। डरा-सहमा और रोता हुआ भाई किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

अस्पताल पहुंचे परिजन, पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और लहूलुहान तथा अचेत अवस्था में पड़ी बच्ची को लेकर अस्पताल भागे, जहां उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण कराया गया।

मैहगांव थाने की सब इंस्पेक्टर वंदना शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की विशेष टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।